बसना(जीतयादव)। महासमुंद पुलिस को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। करीब 4.5 करोड़ रुपये मूल्य के 912 किलो गांजा तस्करी मामले में फरार चल रहे मुख्य सरगना विनय कुमार शर्मा उर्फ पंडित जी को उत्तर प्रदेश के शामली जिले से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर महासमुंद ला रही है।
912 किलो गांजा मामले में, अंतरराज्यीय नशा कारोबार का सरगना विनय शर्मा गिरफ्तार।
पुलिस के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को बसना थाना क्षेत्र के पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान एक आयशर मालवाहक वाहन से 912.760 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। गांजा को कच्चे केले की बोरियों के नीचे छिपाकर ओडिशा के कंधमाल से उत्तर प्रदेश के शामली भेजा जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी के लिए फर्जी नंबर प्लेटों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
विवेचना और तकनीकी विश्लेषण के दौरान पुलिस को पता चला कि पूरे नेटवर्क का मुख्य रिसीवर और फाइनेंसर विनय शर्मा है। इसके बाद विशेष पुलिस टीम उत्तर प्रदेश भेजी गई, जहां आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी शराब, भांग और गांजा के अवैध कारोबार से जुड़ा है तथा कई राज्यों में 10 से अधिक शराब ठेकों के संचालन की आड़ में नशे का नेटवर्क चला रहा था।
इस मामले में पुलिस पहले ही अब्दुल नईम, राम कुमार सिंह उर्फ रामजी ठाकुर, रमाकांत बेहरा और बबलू नायक को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
महासमुंद पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 में दर्ज एनडीपीएस मामलों में पुलिस द्वारा “सोर्स से डेस्टिनेशन” तक कार्रवाई करते हुए तस्करी नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


