रायगढ़। थाना पूंजीपथरा पुलिस ने लोगों में भय और दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से धारदार कत्तानुमा हथियार बरामद किया है। आरोपी सिंघल प्लांट, तराईमाल के पास हथियार लहराकर राहगीरों को डरा-धमका रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
पूंजीपथरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, कत्तानुमा हथियार जब्त कर आरोपी को भेजा गया जेल।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 जून 2026 को थाना प्रभारी पूंजीपथरा को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम तराईमाल स्थित सिंघल प्लांट के पास एक व्यक्ति हाथ में लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार लेकर घूम रहा है और आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम साकिर अली (45 वर्ष), पिता सफायत मियां, निवासी तिवारी मटिहनिया, थाना बिसम्बरपुर, जिला गोपालगंज (बिहार) बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक लोहे का धारदार कत्तानुमा हथियार बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया।

पुलिस जांच में आरोपी का कृत्य आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत दंडनीय पाया गया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बनाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। मामले में थाना पूंजीपथरा के प्रधान आरक्षक गजेन्द्र पैंकरा एवं आरक्षक सुरेश सिदार की भूमिका सराहनीय रही।



