बसना(जीतयादव)।ऑल इंडिया बंजारा सेवा संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश की नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष टी.सी. राठौर के निर्देशानुसार एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सदाशिव राम नायक के मार्गदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष अजय नायक द्वारा प्रदेश पदाधिकारियों की सूची जारी की गई।
जारी सूची में नगर पंचायत खरोरा की पूर्व एल्डरमैन एवं ऑल इंडिया बंजारा सेवा संघ महिला प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ की पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती श्रवण नायक को संघ की मुख्य इकाई में प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
सरस्वती श्रवण नायक को बंजारा सेवा संघ महिला सशक्तिकरण में सक्रिय भूमिका निभाने पर मिली नई जिम्मेदारी।
सरस्वती श्रवण नायक महिला प्रकोष्ठ की कार्यकारी अध्यक्ष रहते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों में महिला संगठन के विस्तार में सक्रिय भूमिका निभा चुकी हैं। उन्होंने महिलाओं को संगठन से जोड़ने, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और नेतृत्व के लिए प्रेरित करने का कार्य किया। उनके संगठनात्मक अनुभव और सामाजिक योगदान को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद श्रीमती सरस्वती श्रवण नायक ने बंजारा समाज के वरिष्ठजनों एवं स्वजातीय बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को निःस्वार्थ भाव से समाजहित में कार्य करना चाहिए। समाज हमारी पहचान है और उससे जुड़ी संस्कृति को संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में लोग अपनी बोली-भाषा और संस्कृति से दूर होते जा रहे हैं, जो चिंताजनक है। अपनी भाषा और संस्कृति को अपनाने में संकोच नहीं होना चाहिए। संस्कृति के संरक्षण और समाज को जागरूक करने के लिए ठोस प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।




