बसना(जीतयादव)। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अरेकेल में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शाला प्रबंधन एवं विकास समिति अरेकेल के अध्यक्ष श्री मोहन सिदार, सरपंच श्रीमती मंजुलता चौहान, सरपंच प्रतिनिधि श्री बृजलाल चौहान, पालकगण, ग्रामवासी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। भारत माता के जयकारों के बीच विद्यालय के प्रधान पाठक श्री हीराधर साव द्वारा तिरंगा झंडा फहराया गया तथा राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा विद्यालय परिसर।
ध्वजारोहण के पश्चात प्राथमिक विद्यालय एवं कक्षा छठवीं, सातवीं और आठवीं के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और पूरे विद्यालय परिसर को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम का मंच संचालन करते हुए शिक्षक प्रेमचन्द साव ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें उस संविधान की याद दिलाता है, जो हमारे देश को न्याय, समानता और स्वतंत्रता के मूल्यों पर आगे बढ़ने की दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान केवल नियमों और प्रावधानों का संकलन नहीं, बल्कि हमारे राष्ट्रीय चरित्र की आधारशिला है। वर्तमान में देश “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है, जिसके लिए हम सभी की सहभागिता आवश्यक है।

प्रधान पाठक हीराधर साव ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों और वीर बलिदानियों को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने देश को स्वतंत्र राष्ट्र बनाने के लिए जो त्याग और संघर्ष किया, उसे सदैव सम्मान और श्रद्धा के साथ याद रखना हम सभी का कर्तव्य है।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं गणमान्य नागरिकों में हीराधर साव, प्रेमचन्द साव, राजकुमार निषाद, रत्ना कर, आसमा परविन खान, सरिता सिदार, अंतर्राष्ट्रीय रंगोली कलाकार शिवा मानिकपुरी, पीर मोहम्मद, सरोज देवांगन, पंच लक्ष्मण साव, हरिशंकर देवांगन, दीपक यादव, पुष्पा अस्तुरा, दुपेश देवांगन, पद्मन साव, रुक्मणी साव, कैलाश चौहान, कोमल नारायण चौहान, अशोक भोई, उत्तम भोई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, पालकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं देशभक्ति नारों के साथ हुआ।




