सरायपाली (जीतयादव)।थाना सिंघोडा पुलिस एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही करते हुए 02 अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 60 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा, एक ऑटो वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 31 लाख 72 हजार रुपये बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 08 जनवरी 2026 को थाना सिंघोडा क्षेत्र में जुर्म जरायम एवं अवैध मादक पदार्थों की पतासाजी के दौरान पुलिस अधिगृहीत वाहन से ग्राम बलेंडा की ओर पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर एक ऑटो में गांजा की तस्करी की जा रही है।
गांजा तस्करी मामले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स व सिंघोडा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
सूचना से एसडीओपी सरायपाली को अवगत कराकर पुलिस टीम ने एनएच-53 रोड ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी की। मुखबिर के बताए अनुसार एक काले रंग का पीली पट्टी वाला ऑटो (CG 07 BR 6305) को रोका गया, जिसमें दो व्यक्ति सवार थे।पूछताछ में चालक ने अपना नाम गोविन्द राम पिता रामायण राम (32 वर्ष) एवं पीछे बैठे व्यक्ति ने गयासुद्दीन आलम पिता फुल मोहम्मद मिया (36 वर्ष), दोनों निवासी जादोपुर मंसुरीटोला, थाना जादोपुर, जिला गोपालगंज (बिहार) होना बताया।

ऑटो की तलाशी लेने पर केबिन के अंदर खाखी टेप से पैक किए गए तीन प्लास्टिक बोरियों में 35 पैकेट गांजा बरामद हुआ। तौल करने पर गांजा का कुल वजन 60 किलोग्राम पाया गया, जिसमें
बोरी क्रमांक 01 – 25.100 किलोग्राम
बोरी क्रमांक 02 – 23.200 किलोग्राम
बोरी क्रमांक 03 – 11.700 किलोग्राम
जब्त सामग्री में
गांजा – ₹30,00,000
ऑटो वाहन – ₹1,50,000
02 मोबाइल – ₹20,000
नगद – ₹2,000
कुल जुमला ₹31,72,000 शामिल है।
आरोपियों का कृत्य धारा 20(B) ii (ग) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर उन्हें धारा 52(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत नोटिस देकर दिनांक 08/01/2026 को क्रमशः 11:40 एवं 11:50 बजे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना परिजनों को दी गई एवं आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

यह सम्पूर्ण कार्रवाई थाना सिंघोडा पुलिस एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स टीम द्वारा की गई। साथ ही गांजा तस्करी के सोर्स पॉइंट, डेस्टिनेशन पॉइंट एवं फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन को लेकर आगे की विधिसंगत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।



