महासमुंद(जीतयादव)। ग्राम खट्टी के जंगल में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक युवक का क्षत-विक्षत शव पेड़ के नीचे पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव की हालत इतनी खराब थी कि चेहरे से पहचान करना मुश्किल हो गया था। बाद में गोदना और कपड़ों के आधार पर परिजनों ने युवक की पहचान की।
खैराभांठा निवासी युवक प्रकाश पटेल का सिर पत्थर से कुचला, गले पर चाकू से वार; पुलिस जांच में जुटी।
मृतक की पहचान प्रकाश पटेल (22) निवासी ग्राम खैराभांठा (गायत्री मंदिर के पास) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रकाश महासमुंद में एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में मैकेनिक का काम करता था। हत्या की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपियों ने युवक के सिर को पत्थर से कुचल दिया और गले पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, प्रकाश रविवार को काम पर गया था और हाफ टाइम की छुट्टी लेकर दोस्तों के साथ कहीं गया था। शाम करीब 6 बजे वह घर लौटा और रात करीब 11 बजे तक उसे गांव के गायत्री मंदिर के पास देखा गया था।
परिजनों ने बताया कि उसी दिन प्रकाश और उसके एक दोस्त की किसी बात को लेकर एक अन्य व्यक्ति से कहासुनी भी हुई थी। रात करीब 11:30 बजे के बाद जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन फोन बंद मिला।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ ही आरोपियों की तलाश की जा रही है।




