रायपुर: गणेश विसर्जन के दौरान तालाब में डूबने से युवक की मौत
रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन के दौरान एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसा खमतराई थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान राजस्थान निवासी राहुल राजपूत सिंह (21) के रूप में हुई है, जो रायपुर में एक होटल में काम करता था।
खमतराई थाना प्रभारी सचिन सिंह ने बताया कि यह घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात लगभग 12 बजे हुई। युवक अपने दोस्तों के साथ तालाब में गणेश विसर्जन करने आया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और बाहर निकल नहीं सका। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
रातभर SDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया और रविवार सुबह युवक का शव पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।



