बसना(जीतयादव)।प्रस्तावित फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” के प्रदर्शन को लेकर जिले में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा, महासमुंद जिला के पदाधिकारियों ने फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम अपर कलेक्टर रवि साहू को ज्ञापन सौंपा।
अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा ने फिल्म पर प्रतिबंध की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन।
यह ज्ञापन जिला अध्यक्ष विनोद यादव एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राम आसरे यादव के नेतृत्व में सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि हाल के दिनों में जाति विशेष के नाम पर फिल्में बनाने का चलन बढ़ता जा रहा है, जिससे संबंधित समाज की गरिमा को ठेस पहुंचने की आशंका रहती है। उनका कहना है कि इस प्रकार की फिल्मों से सामाजिक वैमनस्यता फैल सकती है और समाजों के बीच अनावश्यक तनाव उत्पन्न हो सकता है।

जिला अध्यक्ष विनोद यादव ने कहा कि भारत सरकार और प्रदेश सरकार को इस विषय को गंभीरता से लेना चाहिए तथा जाति के नाम पर फिल्म निर्माण की प्रवृत्ति पर नियंत्रण लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि यदि किसी फिल्म से किसी समाज की भावनाएं आहत होती हैं, तो संबंधित निर्माताओं के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
![]()
महासभा पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति होती रही तो समाज में विभाजनकारी शक्तियां सक्रिय हो सकती हैं, जिससे शासन-प्रशासन और समाज के बीच टकराव की स्थिति बन सकती है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जीवन यादव, पुरुषोत्तम यादव, उमाशंकर यादव, मधु यादव, हेमंत यादव, सतीश यादव, संजय यादव, मिलाप यादव, मोती यादव सहित समाज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। यादव समाज ने शासन से शीघ्र निर्णय लेकर प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है।



