बसना। विश्व बालिका दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तोषगांव में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की छात्राओं द्वारा एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य ग्रामीणों को बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा के महत्व, समान अवसरों और उनके विशाल कार्यक्षेत्र के प्रति जागरूक करना था।
विश्व बालिका दिवस पर रैली के माध्यम से बालिकाओं के अधिकारों और शिक्षा का दिया गया संदेश।
छात्राओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ गांव की गलियों में नारे लगाते हुए यह संदेश दिया कि —“बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ”, “बालिका है राष्ट्र की शान”, “समान अधिकार हमारा सम्मान”।इस दौरान ग्रामीणों को बालिकाओं पर होने वाले अत्याचारों को समाप्त करने, उन्हें सुरक्षित और शिक्षित रखने तथा समाज में उन्हें समान सम्मान देने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यालय के शिक्षकगणों ने इस रैली में सक्रिय सहयोग प्रदान किया और छात्राओं के उत्साह को बढ़ाया। कार्यक्रम में प्राचार्य बी.आर. भोई, कार्यक्रम अधिकारी महेन्द्र विशाल, एवं पूर्णिमा प्रधान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्राचार्य बी.आर. भोई ने अपने उद्बोधन में कहा कि —
“बालिकाएं हमारे समाज की रीढ़ हैं। जब तक वे शिक्षित, सुरक्षित और सशक्त नहीं होंगी, तब तक देश का विकास अधूरा रहेगा।”
कार्यक्रम अधिकारी महेन्द्र विशाल ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना की यह गतिविधि बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना विकसित करने का माध्यम है।

कार्यक्रम का समापन विद्यालय परिसर में सामूहिक प्रतिज्ञा के साथ किया गया, जिसमें सभी छात्राओं ने यह संकल्प लिया कि वे समाज में लैंगिक समानता और शिक्षा के प्रसार के लिए निरंतर कार्य करेंगी।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने छात्राओं के प्रयासों की प्रशंसा की और इस पहल को सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया।



