सारंगढ़-बिलाईगढ़ में विहान योजना पर सवाल, महिलाओं ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू हुई थी योजना
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वरोज़गार की राह पर आगे बढ़ाने के उद्देश्य से विहान योजना (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) शुरू की गई थी। योजना का मकसद स्वयं सहायता समूहों को मजबूत कर ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाना था।
भ्रष्टाचार और वसूली के आरोप
लेकिन अब यह योजना सवालों के घेरे में है। जिले से लगातार भ्रष्टाचार और वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं। हाल ही में गोडम क्लस्टर की महिलाओं ने आरोप लगाया था कि पीआरपी के नाम पर शासकीय राशि की बंदरबांट हो रही है।
कांदूरपाली क्लस्टर की महिलाओं की शिकायत
अब बरमकेला ब्लॉक के कांदूरपाली क्लस्टर की महिलाएं सामने आई हैं। उन्होंने पीआरपी मधु वर्मा पर मानदेय की कटौती और डीपीएम राजीव सिंह जूदेव पर अभद्र भाषा प्रयोग करने का गंभीर आरोप लगाया है।
वित्त मंत्री और जिला प्रशासन को पत्र
महिलाओं ने इस मामले की लिखित शिकायत वित्त मंत्री ओपी चौधरी, जिला सीईओ और जनपद सीईओ को सौंपी है। उनकी मांग है कि मधु वर्मा और राजीव सिंह जूदेव को तत्काल हटाया जाए।
आरोप: परिजनों के खातों में राशि
पीआरपी मधु वर्मा पर आरोप है कि जिनके पास कैडर नहीं है, उन्हीं के खातों में राशि डाली गई। यहां तक कि मधु वर्मा के रिश्तेदार, जो अन्य जिले से हैं, उनके खातों में भी राशि पहुंचाई गई। एक ही घर की सास, बहू और बेटी के नाम से भी राशि डालने का आरोप लगाया गया है।



