प्रदेश में 51 महतारी सदन का लोकार्पण आज, महिलाओं को मिलेगा रोजगार से जुड़ने का अवसर
छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और रोजगारपरक कार्यों से जोड़ने के लिए गांव-गांव में महतारी सदन बना रही है। इसी कड़ी में पहले चरण में बने 51 महतारी सदनों का लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को करेंगे। लोकार्पण के साथ ही रायपुर समेत 17 जिलों में बने ये सदन महिलाओं के उपयोग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे।
प्रत्येक महतारी सदन 2507 वर्ग फीट क्षेत्रफल में बनाया गया है। इनमें हॉल, कमरा, किचन, स्टोर और दुकान की व्यवस्था की गई है। महिलाएं अपने हुनर से जो भी सामान तैयार करेंगी, उन्हें परिसर में बनी दुकानों के माध्यम से बेच सकेंगी। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाउंड्रीवाल और शौचालय भी बनाए गए हैं। साथ ही पानी की सुविधा के लिए बोरवेल की व्यवस्था भी की गई है।
सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में इस तरह के महतारी सदन बनाए जाएं। राज्य में दो चरणों में कुल 368 महतारी सदन बनेंगे। पहले चरण में 202 सदन स्वीकृत किए गए थे, जिनकी लागत 29.2 लाख रुपये प्रति इकाई है। वहीं दूसरे चरण में 2025-26 तक 166 सदन और बनेंगे, जिनकी लागत 30 लाख रुपये प्रति इकाई होगी। इन सदनों में टीवी, डीटीएच, बर्तन और गैस चूल्हा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
सरकार का मानना है कि इन महतारी सदनों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बनकर परिवार और समाज की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकेंगी।



