रायपुर महिला थाना परिसर में महिला ने लगाई खुद को आग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
रायपुर। राजधानी रायपुर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महिला थाना परिसर में पति से विवाद से परेशान एक महिला ने खुद को आग के हवाले कर लिया। आग लगने के बाद वह चीखते-चिल्लाते हुए दौड़कर थाने के अंदर घुस गई। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने कपड़े और पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
झुलसी हुई महिला को तत्काल डीकेएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। महिला करीब 60 से 70% तक झुलस गई है। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि उसने आग लगाने के लिए कौन सा ज्वलनशील पदार्थ इस्तेमाल किया।
पति से विवाद, काउंसलिंग के लिए पहुंची थी थाने
जानकारी के मुताबिक पीड़िता का अपने पति शिवम गोस्वामी से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को महिला काउंसलिंग के लिए महिला थाने पहुंची थी। दोपहर करीब 12-12.30 बजे वह थाने के बाहर बैठी हुई थी, तभी अचानक खुद पर आग लगा ली।
बहन ने लगाए गंभीर आरोप
अस्पताल में मौजूद पीड़िता की बहन ने बताया कि शिवम गोस्वामी से उसकी बहन ने साल 2020 में लव मैरिज की थी। शादी के बाद से ही पति उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा था।
घर से बाहर निकाल देता था
जुआ और सट्टे का आदी है
धमकी देता था कि परिवार को चाकू मार दूंगा, घर में आग लगा दूंगा
पीड़िता की बहन ने कहा, “दिवाली के पहले उसने बहन का सिर फोड़ दिया था। पुरानी बस्ती थाने में शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।”
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी महिला थाना पहुंचे। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।



