बसना। (जीत यादव) — भारतीय जनता पार्टी बसना मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव के नेतृत्व में मतदाता सूची सुधार के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (S.I.R.) अभियान को गति दी जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को उन्होंने ग्राम रसोड़ा, जिराडबरी, खटखटी, खेमड़ा, सराईपतेरा, बसुला और अरेकेल का दौरा कर कार्य प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान श्री यादव ने BLO और BLA-2 सदस्यों की बैठक लेकर अब तक हुए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, मृतक और डुप्लीकेट नाम हटाने, दस्तावेज सत्यापन, पते में सुधार और पात्र नागरिकों तक जानकारी पहुँचाने की प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की।उन्होंने टीम को निर्देशित करते हुए कहा कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा — “मतदाता सूची में हर पात्र व्यक्ति का सही तरीके से नाम दर्ज होना आवश्यक है, क्योंकि यही लोकतंत्र की सच्ची भागीदारी है।” 
नरेंद्र यादव ने BLO और कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क बढ़ाने, जागरूकता फैलाने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।ग्रामों में निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और अभियान को सफल बनाने का भरोसा दिया। बैठक में भाजपा मंडल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस अवसर पर महामंत्री सरोज पटेल, दीपक शर्मा, कोषाध्यक्ष अमृत चौधरी, मंत्री श्रीमती गिरजा नंद तथा BLA-2 सदस्य उपस्थित रहे। श्री यादव ने अंत में कहा कि संगठन और प्रशासन के सहयोग से यह अभियान समय पर और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाएगा।




