छत्तीसगढ़ : श्रमिकों को दीदी ई-रिक्शा और मकान योजना में अब 1.5 लाख का अनुदान
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वकर्मा जयंती पर राजधानी के इंडोर स्टेडियम में आयोजित श्रमिक महासम्मेलन में बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि दीदी ई-रिक्शा योजना और श्रमिक सहायता योजना में अब श्रमिकों को 1.5 लाख रुपये का अनुदान मिलेगा। पहले दोनों योजनाओं में 1-1 लाख रुपये दिए जाते थे। साथ ही अब राज्य में पंजीकृत श्रमिकों का हेल्थ चेकअप मुफ्त होगा, जिसका खर्च श्रम विभाग उठाएगा।
65 करोड़ से अधिक राशि ट्रांसफर
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि बुधवार को श्रमिकों के खातों में 65 करोड़ 16 लाख 61 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर किए गए हैं। इस राशि का लाभ प्रदेश के 1.84 लाख श्रमिकों को मिला है। उन्होंने कहा कि किसानों और श्रमिकों का पैसा अब सीधे खातों में पहुंच रहा है, यही पारदर्शिता हमारी सरकार की पहचान है।
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना में 200 सीटें
श्रम मंत्री देवांगन ने कहा कि अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना में अगले शैक्षणिक सत्र से सीटें 100 से बढ़ाकर 200 कर दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग की तीनों मंडलों में 72 योजनाएं संचालित हैं, जिनका लाभ लगातार श्रमिक परिवारों को मिल रहा है।
आदि कर्मयोगी अभियान का शुभारंभ
इसी दौरान मुख्यमंत्री साय ने सड्डू स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय में आदि सेवा पखवाड़ा और आदि कर्मयोगी अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनजातीय गांवों के जमीनी बदलाव की दिशा में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगा और ट्राइबल विजन डाक्यूमेंट 2030 तैयार किया जाएगा।
साय ने आश्रम-छात्रावासों में निवासरत 8,370 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और भोजन सहायता योजना की 6.02 करोड़ रुपये की राशि का ऑनलाइन अंतरण भी किया।


