केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर, बस्तर दशहरा महोत्सव में होंगे शामिल
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर प्रदेश बीजेपी संगठन और स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शाह इस दौरान विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा महोत्सव में शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस दौरे से बस्तर दशहरा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठेगा।
बस्तर की आदिवासी परंपराओं से होंगे रूबरू
गृहमंत्री शाह बस्तर दशहरा उत्सव के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मिलेंगे और क्षेत्र की आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं को जानने का अवसर प्राप्त करेंगे। वे स्वदेशी मेले के आयोजन में भी शामिल होंगे, जिसमें बस्तर के पारंपरिक उत्पाद और हस्तशिल्प प्रदर्शित किए जाएंगे।
नक्सल उन्मूलन की करेंगे समीक्षा
दौरे के अगले दिन 4 अक्टूबर को केंद्रीय गृहमंत्री विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान वे नक्सल उन्मूलन अभियान की समीक्षा कर सकते हैं और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
मुरिया दरबार के लिए मिला औपचारिक निमंत्रण
बस्तर दशहरा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में नई दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात कर उन्हें महोत्सव में आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बस्तर सांसद एवं दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप ने किया। उनके साथ पारंपरिक मांझी-चालकी सहित समिति के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। समिति ने शाह को विशेष रूप से मुरिया दरबार में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया, जिसे गृहमंत्री ने स्वीकार किया।
