बसना(जीतयादव)। असम के उदारबंद विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रत्याशी अजीत सिंह के समर्थन में छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से पहुंचे जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान लगातार जनसंपर्क अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
घर-घर पहुंचकर लोगों से मुलाकात, कांग्रेस की नीतियों और विकास कार्यों की दे रहे जानकारी।
मोक्ष कुमार प्रधान क्षेत्र के गांवों और मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। वे सुबह से लेकर देर शाम तक कार्यकर्ताओं के साथ जनसंपर्क कर आम जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं। उनकी सक्रियता और समर्पण इस चुनाव में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जनसंपर्क के दौरान वे लोगों को पार्टी की नीतियों, विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अजीत सिंह के नेतृत्व में उदारबंद विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी और जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाएगा।
इस अभियान में स्थानीय कार्यकर्ताओं का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। कई स्थानों पर लोगों द्वारा उनका स्वागत किया जा रहा है, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है। मोक्ष कुमार प्रधान ने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन कांग्रेस के साथ है और इस बार उदारबंद विधानसभा क्षेत्र में अजीत सिंह भारी मतों से विजयी होंगे।




