बसना के छात्रों ने एथलेटिक्स में चमक बिखेरी
संस्कार द राइजिंग स्कूल के दो विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाया दम
बसना। संस्कार द राइजिंग स्कूल, बसना के दो होनहार विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय तीन दिवसीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता (5 से 7 सितंबर) में शानदार प्रदर्शन कर अपने क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन किया।
कक्षा 9वीं के छात्र हेमंत साहू ने 100 मीटर दौड़ और ऊंची-कूद में दमखम दिखाया, जबकि छात्र शुभ अग्रवाल ने 200 मीटर दौड़ में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। दोनों ने कठिन परिश्रम और नियमित अभ्यास के दम पर प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन किया।
विद्यालय के खेल प्रभारी चिमन बघेल ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता निरंतर अभ्यास और खेल सुविधाओं का नतीजा है। वहीं, प्राचार्य संजय तिवारी ने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थी लगातार जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि खेल बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करते हैं और विद्यालय शिक्षा व खेल दोनों में विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालय प्रबंधन ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की।



