बसना। बसना थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक 16 वर्षीय किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना ग्राम छोटेडाभा के पास की है। जानकारी के अनुसार, नमन दास मानिकपुरी (16) पिता द्रोण कुमार मानिकपुरी निवासी चंदखुरी, अपने मित्र राकेश दास मानिकपुरी के साथ बाइक (CG 06 GQ 3664) से ग्राम गढ़फुलझर जा रहा था। दोपहर करीब 1:20 बजे बसना-गढ़फुलझर मार्ग पर पेट्रोल पंप के आगे सामने से आ रही अज्ञात बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सीएचसी बसना लाया गया, जहां डॉक्टरों ने नमन दास को मृत घोषित कर दिया, जबकि राकेश का इलाज जारी है।

दूसरी घटना ग्राम बरबसपुर में हुई। मृतक के पुत्र प्रदीप भोई ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे, जब उसके पिता सड़क किनारे थे, तभी एचएफ डीलक्स बाइक (CG 06 GL 5415) के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
दोनों ही मामलों में बसना पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। हादसों के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।




