बसना(जीतयादव)।एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और थाना बसना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पहले ही 23 किलो 730 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया जा चुका था।
XUV 500 से 23 किलो 730 ग्राम गांजा बरामद, नागपुर से दबिश देकर पकड़े गए आरोपी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 जनवरी 2026 को बसना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की XUV 500 (MH 24 AB 1947) को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन तेज गति से भगाने की कोशिश की, जिससे गाड़ी बसना सीटी ग्राउंड के गेट से टकरा गई। इस दौरान आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गए थे।

पुलिस ने वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 23 किलो 730 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके बाद थाना बसना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए बसना थाना, ANTF और साइबर टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों और डेटा विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई।

जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और सीडीआर विश्लेषण से पता चला कि वाहन नागपुर (महाराष्ट्र) से ओडिशा के केसिंगा तक गया था। इसके आधार पर पुलिस टीम ने नागपुर में दबिश देकर मुख्य आरोपी और वाहन मालिक मोहम्मद अदनान (25 वर्ष) तथा उसके साथी शेख इरशाद (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों इसरायल पठान, आमिर खान और असमत खान के साथ मिलकर ओडिशा के सप्लायर ‘कांता’ से गांजा खरीदकर नागपुर ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त किए हैं।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में फरार अन्य चार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।



