बसना थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी करते नाबालिग सहित दो गिरफ्तार, 9.750 किलो गांजा बरामद
बसना में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बसना थाना क्षेत्र के परसकोल चौक बंसुला के पास से गांजा ले जाते हुए दो तस्करों को पकड़ा है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर को परसकोल चौक बंसुला में वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर की होंडा एसपी साइन बाइक से आ रहे दो व्यक्तियों को रोका गया। उनकी पहचान सागर वर्मा (23 वर्ष), पिता गजाधर वर्मा, निवासी जलसो थाना कोनी, जिला बिलासपुर और एक 14 वर्षीय नाबालिग युवक के रूप में हुई।
आरोपी ओडिशा के पदमपुर से गांजा लाकर कोटा (बिलासपुर) में छोटे-छोटे पुड़ियों में बेचने के लिए तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 9.750 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन, 7000 रुपए नकद एवं अन्य सामान बरामद किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
👉 लगातार हो रही इन कार्यवाहियों से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मादक पदार्थ तस्करी करने वालों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी।



