स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय पिरदा में युवा संसद कार्यक्रम पर प्रशिक्षण
बसना। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय पिरदा में बुधवार को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कला विभाग के छात्र-छात्राओं को युवा संसदीय कार्यक्रम 2025 के संबंध में जानकारी दी गई। पिथौरा विकासखंड के कार्यक्रम के कुशल प्रशिक्षक लोरीश कुमार ने बताया कि संसदीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा इस अभियान की शुरुआत नई पीढ़ी में राजनीतिक कौशल विकसित करने, लोकतांत्रिक प्रणाली को समझने और संसदीय कामकाज की बारीकियों से विद्यार्थियों को अवगत कराने के उद्देश्य से की गई है।
लोरीश कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम से छात्रों में वाक्शक्ति का विकास होगा और वे बेहतर ढंग से भाषण देना सीख सकेंगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को लोकसभा की कार्यवाही के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। इसमें अध्यक्ष का सदन में आगमन, नए सदस्यों का शपथ ग्रहण, दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि, नए मंत्रियों का परिचय, प्रश्नकाल, शून्यकाल, विशेषाधिकार हनन, ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, विधेयक की प्रस्तुति और गैर सरकारी संकल्प आदि विषय शामिल रहे।
उन्होंने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद के निर्देशन में आगामी 12 से 25 सितम्बर के बीच जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विकासखंडों से चयनित छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य तरूण पटेल, वरिष्ठ व्याख्याता महेश बरिहा और शिक्षक होलेश साहू विशेष रूप से मौजूद रहे।



