सरायपाली । सरायपाली थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा परसदा नाला के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर घने कोहरे के कारण हुआ। मृतकों की पहचान जयराम नागवंशी (32 वर्ष), निवासी रायगढ़ और ओमप्रकाश नागवंशी (16 वर्ष), निवासी जशपुर के रूप में की गई है। वहीं, लिंगूराज नागवंशी (16 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, तीनों सोमवार रात करीब 10 बजे जगदलपुर के लोहंडीगुड़ा से रायगढ़ होते हुए घटगांव किसी परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच जब वे सरायपाली के पास परसदा नाला पहुंचे, तभी घने कोहरे के बीच उनकी बाइक (CG 13 AY 6761) एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही जयराम और ओमप्रकाश की मौत हो गई।
सूचना पर 108 एम्बुलेंस और सरायपाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली ले जाया गया। चिकित्सकों ने लिंगूराज को गंभीर हालत में रायपुर रेफर कर दिया।
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। हादसे के बाद गांव और परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है।



