बसना। बसना थाना क्षेत्र के ग्राम कुरमाडीह में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें ट्रैक्टर पलटने से एक किसान की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक किसान बृजलाल चौहान रोज की तरह सुबह करीब 7:30 बजे अपने खेत की ओर ट्रैक्टर (क्रमांक CG 06 GD 5895) लेकर निकला था।
कुरमाडीह से बरभाठा जाने वाले कच्चे रास्ते पर छोटी डोंगरी के पास चढ़ाई चढ़ते समय ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया गया कि रास्ता ऊबड़-खाबड़ था और ट्रैक्टर की रफ्तार भी तेज थी, जिसके कारण वाहन पलटने से बृजलाल उसके नीचे दब गया।

आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद किसान को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।



