बसना(जीतयादव)।देश में लगातार बढ़ती महंगाई के बीच टोल टैक्स में 5 प्रतिशत की वृद्धि ने आम जनता की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। इस फैसले को लेकर क्षेत्र में नाराजगी देखी जा रही है। कांग्रेस के सक्रिय नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने इस बढ़ोतरी का कड़ा विरोध करते हुए इसे जनविरोधी निर्णय बताया है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने बढ़ती महंगाई के बीच टोल बढ़ोतरी का विरोध किया है और सरकार से निर्णय वापस लेने की मांग है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि पहले से ही पेट्रोल-डीजल, गैस सिलेंडर और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों से आम जनता परेशान है। ऐसे में टोल टैक्स में बढ़ोतरी करना लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जिससे आम आदमी का जीवन और कठिन होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि टोल टैक्स बढ़ने का सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ेगा, जिससे आवश्यक वस्तुएं और महंगी होंगी। इसका सबसे अधिक असर वाहन चालकों, व्यापारियों और मजदूर वर्ग पर पड़ेगा, जिन्हें रोजमर्रा के कामकाज के लिए सड़कों का उपयोग करना पड़ता है।

मोक्ष कुमार प्रधान ने सरकार से मांग की है कि इस फैसले को तत्काल वापस लिया जाए और आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसे जनविरोधी निर्णय वापस नहीं लिए गए, तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होगी।
उन्होंने कहा, “यह समय जनता को राहत देने का है, न कि उनकी जेब पर और बोझ डालने का। सरकार को जनता की आवाज सुननी ही होगी।”




