बसना(रूपानंद साव)विशेष संवाददाता। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए “टोकन तुंहर हाथ” ऐप को अब 24 घंटे, सातों दिन (24×7) उपलब्ध करा दिया गया है। धान खरीदी प्रक्रिया को किसानों के लिए और अधिक सरल, सुगम व पारदर्शी बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ राज्य सरकार ने एक अहम फैसला लिया है। अब किसानों को टोकन बुक करने के लिए किसी निश्चित समय का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वे दिन हो या रात, अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी टोकन प्राप्त कर सकेंगे।
इस निर्णय से किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब किसान अगले 20 दिनों तक, यानी 13 जनवरी तक अग्रिम टोकन बुक कर सकेंगे। इससे धान विक्रय की पूर्व योजना बनाना आसान होगा और समितियों में भीड़, तकनीकी दबाव व समय की परेशानी से निजात मिलेगी।
छोटे किसानों को विशेष राहत
राज्य सरकार ने 2 एकड़ या उससे कम रकबा वाले छोटे व लघु किसानों के हित में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। ऐसे किसानों के लिए टोकन लेने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जनवरी कर दी गई है। इससे छोटे किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए पर्याप्त समय और सुविधा मिल सकेगी।
किसान हितैषी निर्णय
यह फैसला किसानों की जरूरतों को केंद्र में रखकर लिया गया है, जिससे धान खरीदी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और तकनीक-सुलभ बनेगी। सरकार का यह निर्णय यह दर्शाता है कि वह किसानों को डिजिटल माध्यम से सशक्त करने और उनकी समस्याओं को कम करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।कुल मिलाकर, टोकन तुंहर हाथ ऐप का 24×7 संचालन किसानों के लिए धान खरीदी को न केवल आसान बनाएगा, बल्कि समय और संसाधनों की भी बचत करेगा।






