सरायपाली(जीतयादव)।संकुल केंद्र पझरापाली में संकुल स्तरीय TLM (टीचिंग लर्निंग मटेरियल)मेला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संकुल प्रभारी श्री रविकुमार साहू एवं संकुल समन्वयक श्री किशोर कुमार पण्डा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। मेले का उद्देश्य शिक्षकों को नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियों से जोड़ना एवं विद्यार्थियों में सीखने की रुचि को बढ़ावा देना रहा।
TLM मेला में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शालाओं के शिक्षकों ने किया शिक्षण सामग्री का प्रदर्शन।
इस TLM मेले में संकुल के अंतर्गत संचालित सभी 6 प्राथमिक एवं 2 उच्च प्राथमिक शालाओं के शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। शिक्षकों द्वारा गणित, अंग्रेजी, विज्ञान/पर्यावरण एवं हिंदी विषयों से संबंधित विभिन्न प्रकार के शिक्षण सहायक सामग्री का निर्माण कर प्रदर्शन किया गया। इन टीएलएम के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाने की विधियों को प्रस्तुत किया गया, जिससे विषयों को सरल और रोचक तरीके से समझाया जा सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संकुल प्रभारी श्री रविकुमार साहू ने कहा कि TLM के साथ अध्यापन करने से कक्षा का वातावरण सहज और रुचिकर बनता है। इससे बच्चे अधिक उत्साह के साथ पढ़ाई में भाग लेते हैं और विषयों को जल्दी समझ पाते हैं। उन्होंने शिक्षकों को नियमित रूप से नवाचार अपनाने एवं स्थानीय संसाधनों से टीएलएम निर्माण पर जोर दिया।

वहीं संकुल समन्वयक श्री किशोर कुमार पण्डा ने कहा कि TLM शिक्षण प्रक्रिया का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे कठिन विषयों की अवधारणा को भी सरलता से स्पष्ट किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक यदि स्वयं बनाते हैं, तो उनमें रचनात्मकता विकसित होती है और छात्रों को भी सीखने में आनंद आता है।
TLM मेले में प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन कर उपस्थित शिक्षकों ने एक-दूसरे से अनुभव साझा किए तथा भविष्य में और अधिक प्रभावी निर्माण करने का संकल्प लिया। यह मेला शिक्षकों के लिए सीखने, साझा करने और नवाचार को बढ़ावा देने का एक उपयोगी मंच साबित हुआ।




