सरायपाली(जीतयादव)।सिंघोड़ा में संकुल स्तरीय TLM मेला (Teaching Learning Material) का सफल आयोजन किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षण को अधिक रोचक, प्रभावी और व्यवहारिक बनाना तथा विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार लाना रहा।
TLM मेला में कक्षा को रोचक बनाने और अधिगम परिणाम सुधारने पर रहा विशेष फोकस।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती गैसमोती पटेल, प्रभारी प्राचार्य हाई स्कूल सिंघोड़ा रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ शिक्षक श्री प्रकाश कुमार मिश्रा एवं संकुल समन्वयक श्री कृष्ण चन्द्र पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री संदीप कुमार तिवारी द्वारा किया गया।

इस TLM मेले में संकुल से जुड़े 7 प्राथमिक एवं 3 उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी शिक्षकों ने अपने-अपने विषयों से संबंधित नवाचारी शिक्षण सामग्री का प्रदर्शन किया। हिंदी विषय में फ्लैश कार्ड, वर्ण एवं मात्राओं का ज्ञान, गणित में आकृति पहचान, जोड़-घटाव किट, विज्ञान में पेड़-पौधे, संतुलित आहार, विटामिन से जुड़े मॉडल विद्यार्थियों की समझ को सरल बनाने हेतु प्रस्तुत किए गए।

विशेष बात यह रही कि अधिकांश TLM सामग्री वेस्ट मटेरियल एवं स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर तैयार की गई थी, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि सीमित संसाधनों में भी रचनात्मक शिक्षण संभव है।
TLM मेला में अतिथियों ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल शिक्षकों की रचनात्मकता को बढ़ाते हैं बल्कि बच्चों के लिए पढ़ाई को खेल-खेल में सीखने का माध्यम बनाते हैं। टीएलएम मेला शिक्षकों के लिए एक-दूसरे से सीखने और अपने शिक्षण कौशल को निखारने का सशक्त मंच साबित हुआ।




