सरायपाली(जीतयादव)। संकुल केंद्र पैकिन में आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को संकुल स्तरीय TLM एवं FLN मेला सह प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाना तथा विद्यार्थियों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान को मजबूत करना रहा।
TLM एवं FLN मेला में निपुण भारत और नई शिक्षा नीति 2020 पर रहा विशेष फोकस।
कार्यक्रम का शुभारंभ नोडल प्राचार्य श्री एस. के. पटेल एवं संकुल समन्वयक श्री बी. सी. साहू द्वारा माता सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर संकुल केंद्र पैकिन के अंतर्गत आने वाले शासकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पैकिन, शासकीय प्राथमिक कन्या शाला पैकिन, शासकीय उच्च प्राथमिक शाला पुटका, प्राथमिक शाला पुटका, शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रूड़ा, प्राथमिक शाला रूड़ा, प्राथमिक शाला आकाशखार, बनहरडीह, राफेल, मानपाली, बस्तीपाली एवं डोंगीझरण के शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

मेले में सभी शिक्षकों द्वारा निपुण भारत कार्यक्रम के अंतर्गत बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान पर आधारित सहायक शिक्षण सामग्री (TLM) का प्रदर्शन किया गया। शिक्षकों ने फ्लैश कार्ड, गणितीय किट, भाषा विकास मॉडल, चार्ट और वेस्ट मटेरियल से बनी सामग्रियों के माध्यम से सीखने को सरल और रोचक बनाने का प्रयास किया।

इस अवसर पर संकुल प्राचार्य श्री सुशील कुमार पटेल ने शिक्षण प्रक्रिया में टीएलएम की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे बच्चों की सहभागिता बढ़ती है और सीखना स्थायी बनता है। वहीं वरिष्ठ व्याख्याता श्री युधिष्ठिर भोई एवं प्रधान पाठक श्रीमती ज्योति प्रधान ने भी शिक्षकों को नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में नोडल प्राचार्य द्वारा सभी स्टॉलों की सराहना की गई। मासिक समीक्षा बैठक एवं जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उक्त जानकारी शिक्षा विभाग मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप द्वारा दी गई।




