पिथौरा। नगर पंचायत पिथौरा से लगे कर्मचारी कॉलोनी लहरौद में बीती रात चोरों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर नगदी और जेवरात पार कर दिए। मकान मालिक रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। सुबह लौटने पर घटना का खुलासा हुआ।
सूने मकान का ताला तोड़कर चोर ले गए नगदी, सोने का हार और टीवी; पुलिस जांच में जुटी
जानकारी के मुताबिक, कॉलोनी निवासी सत्यवती दुबे बीते एक महीने से अपने रिश्तेदार के यहां ठहरी हुई थीं। रविवार सुबह जब वे घर लौटीं तो मुख्य गेट और कमरे की आलमारी के ताले टूटे मिले। घर की तलाशी लेने पर आलमारी से रखे 10 हजार रुपए नगद, 27 ग्राम का सोने का हार, एक स्मार्ट टीवी व अन्य सामान गायब मिले। कमरे का सारा सामान अस्त-व्यस्त था।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वाड को भी बुलाया गया। हालांकि 200 मीटर दूर जाने के बाद डॉग वापस लौट आया।

थाना प्रभारी उमेश वर्मा ने बताया कि सूने मकान का ताला लम्बे समय से बंद था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।




