रायपुर। तेलीबांधा थाना से कुछ ही दूरी पर शनिवार सुबह करीब 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। युवक अपनी मां से मिलने भिलाई से अपने गांव सरायपाली के पास तेंदुकोना जा रहा था।जानकारी के अनुसार, वीआईपी तिराहे के पास उसकी बाइक कांकेर ट्रैवल्स की बस (CG 04 PB 8100) से टकरा गई। हादसे में युवक बस के पिछले चक्के के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बस चालक ने तत्काल वाहन रोक दिया, जिसके बाद पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया।
युवक की पहचान और जानकारी
पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम खगेश्वर साहू (24) है, जो सरायपाली के तेंदुकोना गांव का निवासी था। वह भिलाई के एक होटल में कुक (रसोइया) का काम करता था और वहीं किराए के मकान में रहता था।खगेश्वर अपनी मां के साथ मामा के घर में रहता था शनिवार सुबह वह भिलाई से अपनी मां से मिलने गांव के लिए निकला था, तभी यह हादसा हुआ।

हादसे के बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस कार्रवाई
तेलीबांधा पुलिस ने बताया कि हादसे में शामिल बस को जब्त कर लिया गया है और बस चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।





