बसना में शिक्षक सम्मान समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन शिक्षक सम्मानित
बसना। समग्र शिक्षा विकासखंड पिथौरा के तत्वावधान में आयोजित भव्य शिक्षक सम्मान कार्यक्रम में संकुल केंद्र पिरदा के तीन शिक्षकों – लोरीश कुमार, पोलस कुमार बरिहा और भूषण देव बरिहा – को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित किया गया।
शिक्षकों की भूमिका को सराहा गया
कार्यक्रम के दौरान समन्वयक किशोर पटेल ने बताया कि सम्मान उन शिक्षकों को दिया गया है, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सतत योगदान करते हुए विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य के लिए निरंतर मार्गदर्शन और प्रेरणा का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि दैनिक जीवन की सीख और उज्ज्वल चरित्र निर्माण में भी समाज का मार्गदर्शन करते हैं।
सम्मानित शिक्षक और उनका योगदान
लोरीश कुमार (वरिष्ठ शिक्षक): विद्यार्थियों को मोटिवेशन देने के साथ-साथ सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियों में भी पारंगत करने हेतु प्रोत्साहित करते हैं। वे लंबे समय से मास्टर ट्रेनर के रूप में शिक्षकों को भी प्रेरित कर रहे हैं।
पोलस कुमार बरिहा (वरिष्ठ व्याख्याता, सेजेस पिरदा): संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने और छात्र-छात्राओं को संस्कारवान बनाने में लगातार जुटे हुए हैं।
भूषण देव बरिहा (प्रधानपाठक, खैरझुडी): बच्चों को नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा हेतु तैयार करते हैं। उनके मार्गदर्शन में कई बच्चे जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश पा चुके हैं।
शिक्षकों का संकल्प
सम्मानित होने पर लोरीश कुमार ने कहा कि—
“आकांक्षी विकासखंड के रूप में चिन्हांकित हमारे ब्लॉक में शिक्षा की मशाल तब तक जलती रहेगी, जब तक शिक्षा का उजास जन-जन तक नहीं पहुंचता।”
कार्यक्रम में गणमान्य लोग
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक डॉ.संपत अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष उषा धृतलहरे, उपाध्यक्ष ब्रम्हानंद पटेल, रामदुलारी सिन्हा और विक्रम सिंह वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।



