पिथौरा(जीतयादव)।स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पिरदा में आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह में बसना विधायक डॉ. श्री संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के मेधावी और होनहार छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

स्वामी आत्मानंद विद्यालय में मेधावी छात्र-छात्राओं को मिला सम्मान, शिक्षा के महत्व पर दिया प्रेरणादायी संदेश।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है। आज के विद्यार्थी ही आने वाले कल के डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, अधिकारी और जनप्रतिनिधि बनेंगे। इसलिए जरूरी है कि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों को भी अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को सकारात्मक वातावरण दें और उनकी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।

वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसमें देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से सामाजिक संदेश प्रस्तुत किए गए। बच्चों की प्रतिभा को देखकर अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहना की।

इस अवसर पर पिथौरा जनपद अध्यक्ष ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे, पिथौरा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, जिला उपाध्यक्ष हरप्रसाद पटेल (अम्बु), पिरदा मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु प्रधान, जनपद सदस्य पुरुषोत्तम धृतलहरे, शाला विकास समिति अध्यक्ष इंदल बरीहा एवं इमामुद्दीन शेख, सांसद प्रतिनिधि दीनबंधु प्रधान, महामंत्री मनीराम निषाद एवं सुभाष बंजारा, प्राचार्य तरुण पटेल, विधायक के निज सचिव नरेंद्र बोरे सहित हरिकेश भोई सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अंत में डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि वे हमेशा क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत रहेंगे और स्वामी आत्मानंद विद्यालय जैसी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है, जो समाज के लिए एक सकारात्मक बदलाव है।



