रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर आज राजधानी रायपुर का आसमान रोमांच, गौरव और देशभक्ति से भर उठेगा। भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team – SKAT) आज नवा रायपुर के सेंध तालाब के ऊपर अपने शानदार हवाई करतबों का प्रदर्शन करेगी।
इस एयरोबेटिक शो में 9 हॉक एमके-132 फाइटर जेट्स एक साथ आसमान में उड़ान भरेंगे और ‘बॉम्ब बर्स्ट’, ‘हार्ट इन द स्काई’ और ‘एरोहेड’ जैसी रोमांचक फॉर्मेशन से दर्शकों को देशभक्ति और गौरव की अनुभूति कराएंगे। शो का आयोजन 5 नवंबर को सुबह 10 से 12 बजे तक किया जाएगा, जिसकी रिहर्सल मंगलवार को की गई थी।
इस दौरान रायपुर एयरपोर्ट को दो घंटे के लिए नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। यानी इन घंटों में किसी भी वाणिज्यिक फ्लाइट की लैंडिंग या टेकऑफ नहीं होगी। दिल्ली, लखनऊ, भुवनेश्वर और हैदराबाद की उड़ानों का समय पुनर्निर्धारित किया गया है।
सूर्यकिरण टीम की कमान ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी संभाल रहे हैं। उनके साथ स्क्वॉड्रन लीडर गौरव पटेल, जो छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले से हैं, इस ऐतिहासिक शो का हिस्सा हैं। गौरव ने बताया कि यह शो उनके लिए अत्यंत विशेष है क्योंकि वे इसी धरती पर पले-बढ़े हैं।
उन्होंने कहा —
“जब 9 विमान आसमान में तिरंगे के रंग बिखेरते हैं, तब हर भारतीय के भीतर देशभक्ति का संचार होता है। इस शो के लिए हम पिछले 6 महीनों से तैयारी कर रहे हैं।”
गौरव ने अपने जीवन की प्रेरणा अपने दादाजी से ली, जो एनसीसी में इंस्ट्रक्टर रहे हैं। वे कहते हैं —
“मैं गांव से हूं, लेकिन लगन और अनुशासन से इस मुकाम तक पहुंचा। कोई भी युवा अगर ठान ले तो वह फौज में जा सकता है।”
इस शो के दौरान फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू दर्शकों और उड़ान टीम के बीच सेतु बनेंगी और शो की लाइव कमेंट्री करेंगी।
ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी ने कहा कि —
“सूर्यकिरण टीम को लीड करना गर्व की बात है। इसके लिए बहुत अनुशासन, सटीकता और अभ्यास की जरूरत होती है। टीम के बाकी सदस्य हमारे निर्देशों पर पूरा भरोसा रखते हैं।”
यह आयोजन छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर राज्य के आत्मविश्वास, प्रगति और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बनेगा।



