महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर राजधानी नवा रायपुर का आकाश 4 नवंबर को देशभक्ति, रोमांच और गौरव से भर उठा। भारतीय वायुसेना की विश्वप्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team) ने सुबह 10 से 12 बजे तक अपने शानदार हवाई करतबों का प्रदर्शन कर हजारों दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर महासमुंद जिले से 46 स्कूलों के 1500 से अधिक छात्र, उनके शिक्षक और अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। बच्चों को इस दौरान पुरखौती मुक्तांगन और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम परसदा का भी भ्रमण कराया गया।
सूर्यकिरण टीम के विमानों ने जब नवा रायपुर के आसमान में उड़ान भरी, तो ‘बॉम्ब बर्स्ट’, ‘हार्ट-इन-द-स्काई’ और ‘एरोहेड’ जैसी फॉर्मेशन्स ने पूरे वातावरण को देशभक्ति और रोमांच से भर दिया। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की प्रगति, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बन गया।
कार्यक्रम में डीएमसी रेखराज शर्मा, सहायक संचालक एन.के. सिन्हा, एपीसी संपा बोस, संजय ध्रुव, और बीआरसीसी जागेश्वर सिन्हा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
महासमुंद जिले के लिए यह क्षण और भी गर्व का रहा, जब स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल (वायु सेना, पिथौरा) ने इस शो में अपने शानदार प्रदर्शन से “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” का संदेश दिया। वहीं महासमुंद निवासी फाइटर पायलट विवेक कुमार साहू ने भी इस भव्य आयोजन में अपना योगदान दिया।
यह शो न सिर्फ हवाई कौशल का प्रदर्शन था, बल्कि यह युवाओं के लिए अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीमवर्क से नई ऊंचाइयों को छूने की प्रेरणा देने वाला आयोजन साबित हुआ।



