बसना(जीतयादव)।शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुखीपाली पिथौरा के छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत प्रदेश के नवीन विधानसभा भवन का अवलोकन कराया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला, जिससे उनके ज्ञान में व्यावहारिक विस्तार हुआ।
सुखीपाली पिथौरा के विद्यार्थियों का विधानसभा भ्रमण, शिक्षा मंत्री से मिले।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा भवन की संरचना, सदन की बैठक व्यवस्था, प्रश्नकाल एवं विधायी प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। शिक्षकों ने भी बच्चों को लोकतंत्र की मूल अवधारणाओं से अवगत कराया और बताया कि किस प्रकार जनप्रतिनिधि जनता की समस्याओं को सदन में उठाते हैं।
इस विशेष अवसर पर विद्यार्थियों की मुलाकात माननीय स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव जी से कराई गई। मंत्री जी ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण के संबंध में प्रेरक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

साथ ही बसना विधानसभा के विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के सहयोग से यह शैक्षणिक भ्रमण संभव हो सका। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक दौरे छात्रों के दृष्टिकोण को व्यापक बनाते हैं और उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने में मदद करते हैं।
इस दौरान सुखीपाली विद्यालय के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया। लौटते समय बच्चों में उत्साह और गर्व की भावना स्पष्ट दिखाई दी।




