बिलासपुर।9वीं कक्षा की छात्रा अदिति कठौते (14) ने महज इस बात पर आत्महत्या कर ली कि परिवार वालों ने उसे रात में मोबाइल चलाने से रोका। छात्रा ने गुस्से में घर से बाहर निकलकर अरपा नदी में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
मोबाइल को लेकर परिजनों ने लगाई रोक, नाबालिग छात्रा ने आवेश में गंवाई जान।
घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर की है। छात्रा के पिता अरुण कमल कठौते प्राइवेट जॉब करते हैं। सोमवार रात करीब 1:30 बजे, अदिति देर तक मोबाइल देख रही थी। इस पर उसकी बड़ी बहन चेतना कठौते ने कहा कि अब मोबाइल छोड़कर सो जाए। इस बात पर नाराज होकर अदिति गुस्से में घर से भागी और दौड़ते हुए अरपा नदी स्थित छठघाट पहुंच गई।

चेतना ने तुरंत पिता को सूचना दी और दोनों उसके पीछे दौड़े। उन्होंने बार-बार अदिति को आवाज लगाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुकी। दोनों के सामने ही उसने नदी में छलांग लगा दी।घटना के बाद हड़कंप मच गया। चेतना के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दो युवकों ने रात के अंधेरे में नदी में उतरकर छात्रा को बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण उसे नहीं बचाया जा सका।

सूचना मिलते ही सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या और एएसआई देवेंद्र तिवारी टीम सहित मौके पर पहुंचे, लेकिन रात ज्यादा होने के कारण रेस्क्यू नहीं हो सका। मंगलवार एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। करीब दो घंटे की खोजबीन के बाद छात्रा का शव नदी से बरामद किया गया।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मर्ग दर्ज कर जांच जारी है।




