बसना(जीतयादव)। प्राथमिक विद्यालय मोहगांव के लिए यह अत्यंत गर्व और खुशी का विषय है कि विद्यालय के 10 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हुआ है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में भव्य और गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों, अभिभावकों और शिक्षकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
जवाहर नवोदय विद्यालय में चयन होने पर मोक्ष कुमार प्रधान ने दी बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान उपस्थित रहे। उनके आगमन पर विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को उपहार, पेन और चॉकलेट प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों द्वारा इस तरह की उपलब्धि हासिल करना बेहद प्रेरणादायक है। यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में चयन बच्चों के जीवन को नई दिशा देने वाला अवसर है।
उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों को अपनाने की भी प्रेरणा दी और कहा कि सभी बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने वाले शिक्षक भोजराज प्रधान को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।इस अवसर पर विनोद मेहेर, सुनील भोई, प्रशांत पंडा, प्रिंस प्रधान, मोहगांव के सरपंच विजय बारीक सहित गांव के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा।



