रायपुर(जीतयादव)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर स्थित कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र में आयोजित राज्य स्तरीय तिलहन किसान मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और किसानों को दी जा रही आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कृषि महाविद्यालय में तिलहन मेले की शुरुआत कर आधुनिक तकनीकों को अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने तिलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति योजना की तर्ज पर तिलहन फसलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार किसानों को प्रति एकड़ 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे कृषि वैज्ञानिकों के सुझावों और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर तिलहन फसलों का उत्पादन बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और नई तकनीकों के उपयोग से देश तिलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर बन सकता है।
मेले में किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि उपकरण, जैविक खेती और नई तकनीकों से संबंधित जानकारी भी दी गई। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को उत्पादन बढ़ाने के व्यावहारिक तरीके बताए और खेती में नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।इस दौरान बड़ी संख्या में किसान, कृषि वैज्ञानिक और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और किसानों को खेती से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।



