सरायपाली(जीतयादव)।सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन सोलर प्लांट जंगलबेड़ा के विरोध में ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में एसडीएम कार्यालय के समक्ष आयोजित धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव तथा बसना के पूर्व विधायक राजा देवेंद्र बहादुर सिंह शामिल हुए और ग्रामीणों को अपना समर्थन दिया।
सोलर परियोजना को लेकर बढ़ा विवाद, जल-जंगल-जमीन की रक्षा हेतु ग्रामीणों का प्रदर्शन तेज।
धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, युवा और किसान उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सोलर प्लांट निर्माण से उनकी कृषि भूमि, जल स्रोत और वन क्षेत्र प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि परियोजना को लेकर उनसे पर्याप्त संवाद नहीं किया गया और उनकी सहमति के बिना कार्य प्रारंभ कर दिया गया।
सभा को संबोधित करते हुए द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि जल, जंगल और जमीन पर पहला अधिकार स्थानीय लोगों का है। यदि ग्रामीणों की सहमति के बिना कोई परियोजना लागू की जाती है तो यह अन्याय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि परियोजना से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाए और ग्रामीणों की आपत्तियों का समाधान किया जाए।

वहीं राजा देवेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ग्रामीणों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

धरने के दौरान सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्रीमती चातुरी नंद के साथ कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, लेकिन ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।



