शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए तुमगांव में सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम संपन्न
महासमुंद। मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत शासकीय बालक प्राथमिक शाला, तुमगांव में मंगलवार को सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता का आकलन, विद्यार्थियों की सीखने की दक्षता का मूल्यांकन और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।
इस अभियान के माध्यम से अभिभावकों, शिक्षकों, एसएमसी सदस्यों और ग्राम समुदाय को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से जोड़ा गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति, सीखने के स्तर, शैक्षणिक संसाधनों के उपयोग और विद्यालय वातावरण का सामूहिक मूल्यांकन किया गया।
सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से समुदाय ने विद्यालय की प्रगति और सुधार के सुझाव भी प्रस्तुत किए। इस अवसर पर मुस्कान पुस्तकालय और स्मार्ट शाला का निरीक्षण भी किया गया, जिससे विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि और डिजिटल शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ा।
कार्यक्रम में टीम प्रमुख गायत्री ठाकुर, शिव यादव, एसएमसी अध्यक्ष विमला बांधे, कुसमा कुर्रे, ममता विश्वकर्मा, गुंजा खूंटे सहित अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



