बसना।मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान 2025-26 के तहत संकुल केंद्र पिरदा एवं पिरदा (ए) अंतर्गत आने वाले विद्यालयों में सामाजिक अंकेक्षण की प्रक्रिया निरंतर जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को शासकीय प्राथमिक शाला बोइरडीह में टीम द्वारा सामाजिक अंकेक्षण का आयोजन किया गया।

सोशल ऑडिट टीम लीडर लोरीश कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाना, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता का मूल्यांकन करना और समुदाय की सहभागिता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से विद्यालयों की रैंकिंग तय की जाएगी तथा समुदाय को विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान कार्यक्रम में सहभागिता को मजबूत करना है।
लोरीश कुमार ने आगे बताया कि इस प्रक्रिया से न केवल बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धि में सुधार होगा, बल्कि स्कूलों का भौतिक एवं शैक्षणिक कायाकल्प भी संभव हो सकेगा। उन्होंने शिक्षकों, पालकों और ग्राम प्रतिनिधियों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय सहयोग की अपील की।

मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधान पाठक प्रदीप कुमार प्रधान, शिक्षिका संतोषी पटेल, प्राथमिक विभाग के नोडल अधिकारी प्रवीण कुमार साहू, सरपंच चमेली भोई, समन्वयक शेषनारायण साहू सहित ग्रामवासी, पालकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

सामाजिक अंकेक्षण के इस आयोजन ने विद्यालय में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और जनसहभागिता की भावना को मजबूत किया तथा शिक्षा की गुणवत्ता सुधार की दिशा में एक सकारात्मक कदम सिद्ध हुआ।




