गढ़पटनी प्राथमिक शाला में सामाजिक अंकेक्षण और “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम संपन्न
बसना । शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान 2025-26 के अंतर्गत सामाजिक अंकेक्षण तथा “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।
कार्यक्रम में सामाजिक अंकेक्षण टीम की प्रमुख श्रीमती लता यादव ने विद्यालय पहुंचकर शिक्षकों, पालकों और विद्यार्थियों के मध्य समन्वय, पारदर्शिता और संवाद पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की प्रगति तभी संभव है, जब शिक्षक, पालक और विद्यार्थी आपसी सहयोग से कार्य करें।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता और हरियाली पर आधारित गीत और नारे भी प्रस्तुत किए, जिससे वातावरण प्रेरणादायी बन गया।

प्रधान पाठक श्री सरविन्द सिदार ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों, पालकों और बच्चों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक अंकेक्षण से विद्यालय की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही आती है तथा सभी को विद्यालय की गुणवत्ता सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
कार्यक्रम में शिक्षक लगन नाग, खीरवंती भोई, देवकी पटेल (अध्यक्ष), भगवती पटेल, कैलाशी कैवर्त, अंकिता कैवर्त, लक्ष्मी पटेल, गोमती तामिल, मोनिका कैवर्त, रमेश दास, आंगनबाड़ी सहायिका विधुमति कर, उमा कैवर्त, बधेश्वरी डड़सेना, पुष्पा कैवर्त, रसोइया नरेशी कैवर्त, गीताजंली वैष्णव, अन्नपूर्णा पटेल, सफाई कर्मचारी सुखराम कलेत, रितेश पटेल तथा सरपंच श्रीमती लक्ष्मी पटेल सहित अनेक पालक व ग्रामवासी उपस्थित रहे।
अंत में सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया गया कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा वातावरण उपलब्ध कराने में सभी निरंतर सहयोग करेंगे।
यह आयोजन विद्यालय, पालक और विद्यार्थियों के बीच संबंधों को मजबूत करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी पहल सिद्ध हुआ।



