बसना(जीतयादव)।शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में कक्षा पाँचवीं की आगामी केन्द्रीकृत परीक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रबंधन समिति (एस.एम.सी.) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की परीक्षा तैयारी को सुदृढ़ बनाना तथा अभिभावकों और समिति सदस्यों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
कक्षा पाँचवीं की परीक्षा की तैयारी को विशेष जोर, नियमित अभ्यास और गणित पर दिया गया महत्व।
बैठक के दौरान विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर, नियमित अध्ययन, गृह अभ्यास एवं परीक्षा की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति सदस्यों ने इस बात पर बल दिया कि अभिभावक घर पर बच्चों से प्रतिदिन सभी विषयों के प्रश्नोत्तर लिखवाकर अभ्यास कराएं, जिससे उनकी लिखने की गति एवं उत्तर प्रस्तुत करने की क्षमता में सुधार हो सके।

विशेष रूप से गणित विषय के नियमित अभ्यास पर जोर दिया गया। सदस्यों का मानना था कि निरंतर अभ्यास से बच्चे गणना, प्रश्न समाधान तथा सूत्रों के सही उपयोग में दक्ष हो सकेंगे। इसके साथ ही बच्चों को समय-सारणी बनाकर अध्ययन करने की आदत विकसित करने और विद्यालय द्वारा दिए गए गृहकार्य को नियमित रूप से पूरा कराने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में एस.एम.सी. अध्यक्ष देवकी पटेल, सदस्य कैलाशी कैवर्त, विजय पटेल, रामलाल, गिरधारी पटेल एवं गीतांजली वैष्णव उपस्थित रहे। सहायक शिक्षक लगन नाग ने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी देते हुए परीक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
![]()
प्रधान पाठक सरविन्द सिदार ने उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास से ही बेहतर परिणाम संभव हैं। उन्होंने सभी से बच्चों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करने और उनकी तैयारी पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
बैठक सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। सभी सदस्यों ने विद्यार्थियों की सफलता के लिए मिलकर कार्य करने का आश्वासन दिया।




