महासमुंद(जीत यादव)।ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर में माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित होने वाला तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 01 से 03 फरवरी 2026 तक भव्य, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह आज शाम जिला प्रशासन की टीम के साथ सिरपुर पहुंचे और आयोजन स्थल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री हेमंत नंदनवार, सिरपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ श्री धम्म शील गणवीर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सिरपुर महोत्सव में सुव्यवस्थित, सुरक्षित और जनसुविधायुक्त आयोजन के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री लंगेह ने आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं जनसुविधाओं से युक्त बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिरपुर महोत्सव जिले की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, इसलिए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मुख्य मंच तक पहुंचने वाले मार्गों को चौड़ा रखने, सुगम आवागमन एवं दर्शकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
स्थानीय कारीगरों और स्व-सहायता समूहों को प्राथमिकता
महोत्सव परिसर में विभागीय स्टॉल, स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन, स्व-सहायता समूहों के उत्पाद, वन उत्पाद, पर्यटन एवं संस्कृति से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे।कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्थानीय व्यवसायियों, सरस मेला, स्व-सहायता समूहों और कारीगरों को स्टॉल आबंटन में प्राथमिकता दी जाए, जिससे स्थानीय आजीविका को बढ़ावा मिल सके। स्टॉल ले-आउट ऐसा हो कि आपात स्थिति में निकास मार्ग बाधित न हो।
सांस्कृतिक कार्यक्रम, महानदी आरती और स्वास्थ्य सुविधाएं
महोत्सव के दौरान बॉलीवुड कलाकारों के साथ छत्तीसगढ़ी एवं स्थानीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।कार्यक्रम प्रतिदिन सायं 4:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक आयोजित होंगे। साथ ही प्रतिदिन महानदी आरती का आयोजन भी किया जाएगा।मुख्य मंच को सांस्कृतिक थीम पर आकर्षक रूप से सजाने के निर्देश दिए गए हैं। महोत्सव परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस एवं फायर ब्रिगेड की व्यवस्था रहेगी।
प्लास्टिक मुक्त सिरपुर महोत्सव की पहल
साफ-सफाई एवं कचरा प्रबंधन की जिम्मेदारी स्थानीय पंचायत को सौंपी गई है। प्रत्येक दिन कार्यक्रम समाप्ति के बाद कचरा उठाव अनिवार्य होगा।कलेक्टर ने प्लास्टिक मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत तथा पेयजल टैंकरों के नियमित क्लोरीनेशन के निर्देश दिए।
कार्यक्रम स्थल का विस्तृत ले-आउट शीघ्र तैयार कर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा, जिससे सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा सके। निरीक्षण के दौरान एसडीएम महासमुंद श्रीमती अक्षा गुप्ता, तहसीलदार, सरपंच श्रीमती पुष्पा माली, जनपद सीईओ सहित लोक निर्माण, पीएचई, आरईएस, शिक्षा, श्रम, जल संसाधन, कृषि, महिला एवं बाल विकास, पुलिस विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





