बसना(जीतयादव)। सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी करने वाले शातिर चोर को बसना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के साथ ही चोरी गया पूरा मशरूका भी बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर सफलता मिली।
बसना पुलिस ने सिरको में हुई चोरी की गुत्थी सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुलझाई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 मार्च 2026 को प्रार्थी घासी राम पटेल (67 वर्ष) निवासी सिरको बांधपारा थाना बसना ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 मार्च 2026 को सुबह करीब 10 बजे वे पदमपुर (ओडिशा) चले गए थे और उनकी पत्नी ग्राम केशरीपुर गई हुई थी। घर में कोई नहीं था। जब उनकी पत्नी वापस लौटी तो घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला और पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था।
![]()
घर के अंदर जाकर देखने पर कमरे में सामान बिखरा हुआ था और लोहे की आलमारी टूटी हुई थी। आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी गायब थे। अज्ञात चोर द्वारा करीब 5 लाख 95 हजार रुपये की चोरी की गई थी। मामले में बसना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
सिरको में हुई चोरी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीम गठित कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिलास सागर (25 वर्ष) निवासी ग्राम सिरको थाना बसना जिला महासमुंद के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने के कर्णफूल, चांदी की पायल, चांदी की अंगूठी, चांदी की बिछिया और नगदी 5 लाख 15 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




