बसना(जीतयादव)।मोहगांव (भगतदेवरी) में इस वर्ष रामनवमी महापर्व के अवसर पर भक्ति, संस्कृति और परंपरा का भव्य संगम देखने को मिलेगा। यहां ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव के साथ ही श्रीराम जानकी मंदिर का वार्षिक उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
मोहगांव में रामनवमी पर भव्य रामलीला महोत्सव, 26 मार्च से शुरू होगा आयोजन।
जानकारी के अनुसार गांव में वर्ष 1936 से लगातार रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है और इस वर्ष यह आयोजन लगभग 90वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है बल्कि गांव की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक भी माना जाता है।

रामलीला महोत्सव 26 मार्च 2026 से शुरू होकर 5 अप्रैल 2026 तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन रात्रि में रामायण के विभिन्न प्रसंगों का जीवंत मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम के जन्म (आद्य कांड) से होगी। इसके बाद ताड़का वध, सीता स्वयंवर, राम-वनवास, भरत मिलाप, सीता हरण, बाली वध, सुंदरकांड, कुम्भकर्ण वध और मेघनाद वध जैसे प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे। महोत्सव के अंतिम दिन रावण वध और श्रीराम के राज्याभिषेक का भव्य मंचन किया जाएगा।
इससे पहले 23 और 24 मार्च 2026 को श्रीराम जानकी मंदिर में वार्षिक उत्सव का आयोजन होगा। 23 मार्च को दोपहर 12 बजे से अष्टप्रहरी हरि कीर्तन नामयज्ञ प्रारंभ होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आई कीर्तन मंडलियां भक्ति प्रस्तुतियां देंगी। 24 मार्च को नामयज्ञ का समापन किया जाएगा और श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी।
रामनवमी धार्मिक आयोजन में सरायपाली, कंचनपुर, भानुपर, परेवापली और मोहगांव की कीर्तन मंडलियां भजन-कीर्तन और हरिनाम संकीर्तन प्रस्तुत करेंगी। आयोजन समिति द्वारा मंदिर परिसर और रामलीला मंच को आकर्षक सजावट, प्रकाश और ध्वनि व्यवस्था से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल और प्रसाद वितरण की भी समुचित व्यवस्था की जा रही है।
ग्रामवासियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। युवा वर्ग मंचन की तैयारियों में जुटा है, वहीं बुजुर्गों का मार्गदर्शन और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन को और अधिक भव्य बना रही है।आयोजन समिति और ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रामनवमी महोत्सव और रामलीला का लाभ उठाने की अपील की है।



