पिथौरा। जनपद पंचायत पिथौरा में गुरुवार को श्री रामलला दर्शन अयोध्या यात्रा का शुभारंभ धार्मिक उत्साह और भक्ति भावना के साथ किया गया। इस अवसर पर यात्रियों को जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, जिला पंचायत सदस्य रामदुलारी सीताराम सिन्हा, तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य स्वप्निल तिवारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह यात्रा मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुजन शामिल हुए। रवाना होते समय यात्रियों के चेहरों पर अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन की अपार उत्सुकता और आस्था का भाव झलक रहा था। यात्रा का शुभारंभ मंगलाचरण और “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ हुआ, जिससे पूरा माहौल भक्ति से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर मंच पर मनमीत छाबड़ा, मंडल अध्यक्ष अभिमन्यु प्रधान, नरेश सिंघल, मन्नूलाल ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने यात्रियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह यात्रा श्रद्धा, संस्कार और धर्म की शक्ति का प्रतीक है, जो लोगों को एकता और भक्ति के भाव से जोड़ती है।
श्रद्धालुओं ने रवाना होते समय भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ यात्रा प्रारंभ की और अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन की अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।



