बसना(जीतयादव)।छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “श्री राम लला दर्शन, अयोध्या धाम” के अंतर्गत बसना जनपद से तीर्थ यात्रियों का एक दल हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। इस अवसर पर यात्रियों को हरा झंडा दिखाकर शुभ यात्रा की कामना के साथ रवाना किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
श्री राम लला दर्शन के लिए जनपद अधिकारियों की मौजूदगी में हरा झंडा दिखाकर दी गई शुभ यात्रा की शुभकामनाएं।
इस मौके पर बसना भाजपा मंडल के महामंत्री श्री दीपक शर्मा, कोषाध्यक्ष श्री सरोज पटेल, श्री अमृत चौधरी सहित जनपद बसना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने यात्रियों को सुरक्षित, मंगलमय और सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

तीर्थ यात्रियों ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चलाई जा रही तीर्थ दर्शन योजनाओं की जमकर सराहना की। यात्रियों का कहना था कि यह योजना उन लोगों के लिए बेहद लाभकारी है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से अब तक अयोध्या धाम के दर्शन नहीं कर पाए थे। सरकार की इस पहल से आम नागरिकों को अपने आराध्य श्रीराम के दर्शन का सुनहरा अवसर मिल रहा है।

यात्रियों ने विशेष रूप से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा निःशुल्क यात्रा, भोजन, ठहरने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर आमजन की धार्मिक आस्था का सम्मान किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान जनपद परिसर “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला। यह योजना न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करने की दिशा में एक सराहनीय कदम भी मानी जा रही है।




