रायपुर।श्री बालाजी मेडिकल फाउंडेशन और सी.एस.पी.टी.सी.एल. रायपुर के सौजन्य से शुक्रवार को डंगनिया स्थित सीएसपीटीसीएल औषधालय परिसर में एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जिसमें कर्मचारियों सहित आसपास के नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ उठाया।
श्री बालाजी मेडिकल फाउंडेशन की पहल में बीपी-शुगर से लेकर स्त्री रोग तक हुई मुफ्त जांच।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया। बीपी (रक्तचाप), ब्लड शुगर, जनरल मेडिसिन तथा स्त्री रोग से संबंधित मरीजों की निःशुल्क जांच की गई। कई लोगों को शुरुआती लक्षणों के आधार पर आगे की जांच और उपचार के लिए मार्गदर्शन भी दिया गया।

चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों को शारीरिक देखभाल, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व पर भी जोर दिया गया, ताकि गंभीर बीमारियों का समय रहते पता चल सके।

इस अवसर पर श्री बालाजी हॉस्पिटल में संचालित निःशुल्क योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिसमें निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन तथा निःशुल्क डिलीवरी (नॉर्मल एवं सिजेरियन) जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
शिविर के सफल आयोजन पर सीएसपीटीसीएल के कर्मचारियों ने श्री बालाजी मेडिकल फाउंडेशन और डॉक्टरों की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने भी इस पहल को जनहित में उपयोगी बताते हुए भविष्य में ऐसे शिविरों की आवश्यकता जताई।



