बसना(जीतयादव)।सुप्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक भागवत भूषण पंडित प्रदीप मिश्रा जी के बसना नगर में होने जा रहे शिव महापुराण कथा आयोजन की तैयारियां भक्ति और श्रद्धा के साथ आरंभ हो गई हैं। इसी क्रम में महादेव शिव जी की प्रेरणा से कथा आयोजन समिति बसना द्वारा कुंभ भरण पश्चात् दिव्य एवं भव्य कलश यात्रा नगर में निकाली गई, जिसमें 1544 से अधिक मातृ शक्तियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

शिव महापुराण कथा को लेकर नगर में दिखा श्रद्धा और उत्साह का संगम।
कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कथा स्थल तक पहुंची। पूरे नगर में “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे। इसके पश्चात् कथा स्थल पर ब्राह्मणों एवं आचार्य गणों द्वारा संगीतमय भूमि शुद्धि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया।
तत्पश्चात् बसना परिक्षेत्र से पहुंचे शिव भक्तों, माताओं-बहनों, बच्चों, बुजुर्गों, राहगीरों एवं नगरवासियों के लिए भव्य अन्न भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अन्न प्रसाद ग्रहण किया।

आयोजन समिति के राजेश साव, कपूरचंद साव, रमेश डड़सेना, भरत नायक, राहुल डड़सेना, रीतेश डड़सेना, संजय सिन्हा एवं राकेश डड़सेना ने बताया कि 12 जनवरी 2026 को सनातन संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने एवं समाज में समरसता और एकता का संदेश देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। कथा स्थल रायपुर रोड, फुलझर पेट्रोल पंप के समीप भूमि शुद्धि पूजन एवं भंडारा संपन्न हुआ।

महिला मंच की ओर से राधा डड़सेना माता दरबार, सुसीता साव, तंजु राजेश साव, धर्मशीला विवेक दास, सरिता रमेश डड़सेना, शोभा भरत नायक, सुनीता राजेश भारतीय सहित अन्य मातृ शक्तियों ने बताया कि भगवान शिव सभी जीवों के उद्धारकर्ता हैं और उनकी कृपा से भक्तों की सभी समस्याओं का समाधान होता है।
आयोजन को सफल बनाने हेतु संरक्षक एवं मार्गदर्शक मंडल में शामिल जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं धर्मप्रेमियों ने आयोजन समिति को मंगलमय बधाइयां देते हुए समस्त श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।



